हरियाणा में फिर लौटा कोहरा, बारिश की संभावना

हरियाणा में कोहरा एक बार फिर लौट आया है। शुक्रवार सुबह रोहतक और हिसार सहित कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में बदलाव हो रहा है।

हरियाणा में फिर लौटा कोहरा, बारिश की संभावना

हरियाणा में कोहरा एक बार फिर लौट आया है। शुक्रवार सुबह रोहतक और हिसार सहित कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में बदलाव हो रहा है। बीते 15 दिनों से दिन का तापमान 23 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 11 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा रहा था, लेकिन हवा के पश्चिम से पूर्व की ओर बहने से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है।

मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों में बारिश होने की संभावना है। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा में 5 फरवरी तक मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा। लगातार दो पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण राज्य के मौसम में बदलाव की संभावना है।

31 जनवरी की देर रात और 1 फरवरी को राज्य में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं, जबकि उत्तर-पश्चिमी क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। इसके चलते 2 फरवरी को अलसुबह धुंध पड़ने की संभावना जताई जा रही है। वहीं, एक और पश्चिमी विक्षोभ और अरब सागर से आने वाली नमीयुक्त हवाओं के प्रभाव से 3 फरवरी की रात से 5 फरवरी तक प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में हवाओं और गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी या हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश भी हो सकती है।