उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का कहर: बांदा सबसे गर्म, 21 मई तक कुछ जिलों में बारिश की संभावना

उत्तर प्रदेश में गर्मी ने तोड़ा रिकॉर्ड, बांदा 46.2 डिग्री के साथ देश का सबसे गर्म शहर रहा। 21 मई तक पूर्वी यूपी में बारिश की संभावना, कई जिलों में लू का अलर्ट जारी।

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का कहर: बांदा सबसे गर्म, 21 मई तक कुछ जिलों में बारिश की संभावना

उत्तर प्रदेश इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। राज्य के कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जबकि बांदा में शुक्रवार को देश का सबसे अधिक तापमान 46.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आगामी रविवार तक लू चलने की चेतावनी जारी की है।

बांदा बना सबसे गर्म शहर, झांसी दूसरे स्थान पर

मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को बांदा का तापमान 46.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो पूरे देश में सबसे अधिक था। इसके बाद झांसी में 45 डिग्री, फुरसतगंज और वाराणसी में 44 डिग्री, सुल्तानपुर में 43.8 डिग्री और आगरा में 42.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस रहा।

इन जिलों में लू की चेतावनी

मौसम विभाग ने शनिवार को बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, कन्नौज, कानपुर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर में लू चलने की संभावना जताई है। राज्य सरकार ने सभी जिलों के प्रशासन को जरूरी एहतियात बरतने और लोगों को गर्मी से बचाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्वास्थ्य विभाग को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।

रातें भी गर्म, तापमान 25 से 30 डिग्री के बीच

भीषण गर्मी केवल दिन तक सीमित नहीं है, रात का तापमान भी सामान्य से अधिक बना हुआ है। राजधानी लखनऊ में शुक्रवार रात को तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

बारिश से मिल सकती है राहत

मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में अगले 24 घंटे के दौरान बारिश की संभावना है। 21 मई तक यह बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में शुष्क और गर्म मौसम बना रहेगा।