उत्तर प्रदेश के जनपद हापुड़ के पिलखुवा थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव कमालपुर निवासी अग्निवीर सैनिक मोईन चौधरी का हृदयगति रुकने से निधन हो गया। महज 24 वर्ष की उम्र में मोईन चौधरी के असमय निधन से परिवार सहित पूरे गांव और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, मोईन चौधरी वर्ष 2022 में भारतीय सेना में अग्निवीर के रूप में भर्ती हुए थे। वर्तमान में उनकी तैनाती अंबाला छावनी में थी। ड्यूटी के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तत्काल चिकित्सीय सहायता दी गई, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
मोईन चौधरी एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखते थे, लेकिन उनके सपने और हौसले असाधारण थे। बचपन से ही भारतीय सेना में सेवा करने का सपना देखने वाले मोईन ने कड़ी मेहनत और समर्पण के बल पर अग्निवीर बनने का लक्ष्य हासिल किया था। उनका यूं अचानक चला जाना परिवार और गांव के लोगों के लिए गहरा आघात है।
सेना की ओर से पूरे सम्मान के साथ मोईन चौधरी का पार्थिव शरीर गांव लाया गया, जहां सैन्य सम्मान के साथ उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, परिजन और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे और नम आंखों से वीर सपूत को अंतिम विदाई दी।
