आज के समय में जब माता-पिता दोनों नौकरीपेशा होते हैं, नवजात शिशु की देखभाल करना कई बार चुनौतीपूर्ण हो जाता है। बुलंदशहर के शिवचरण इंटर कॉलेज के 12वीं कक्षा के विज्ञान छात्र आदित्य ने इसी चुनौती को अवसर में बदलते हुए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित एक स्मार्ट पालना तैयार किया है। यह पालना न केवल बच्चे की जरूरतों को समझता है, बल्कि दूर बैठे माता-पिता को भी हर पल बच्चे से जोड़े रखता है।
सामान्य पालने में ही एक प्रोग्रामिंग चिप, विशेष सेंसर और कैमरा लगाया गया है। इस पालने को मोबाइल एप से जोड़ा गया है, जिससे इसे दूर से नियंत्रित किया जा सकता है। जैसे ही बच्चा रोता है, सेंसर तुरंत मोबाइल पर ‘बेबी क्राइंग’ अलर्ट भेज देता है। कैमरे के जरिए माता-पिता अपने बच्चे को लाइव देख भी सकते हैं।
इस स्मार्ट पालने में रिमोट कंट्रोल फीचर भी दिया गया है, जिससे माता-पिता मोबाइल पर एक क्लिक से पालने को हिला-डुला सकते हैं। साथ ही, बच्चे को सुलाने के लिए इसमें लोरी बजाने के लिए स्पीकर भी लगाए गए हैं। यदि बच्चा गीला हो जाता है, तो मोबाइल पर तुरंत अलर्ट आ जाता है, ताकि समय रहते देखभाल की जा सके।
आविष्कारक छात्र आदित्य ने बताया कि इस पालने को बनाने में लगभग 3,000 रुपये का खर्च आया है। AI सॉफ्टवेयर के माध्यम से बच्चे और माता-पिता के बीच की दूरी मोबाइल स्क्रीन पर दिखाई देती है। उन्होंने बताया कि दो साल पहले उन्हें इस तरह का पालना बनाने का विचार आया था, जो अब साकार हो चुका है। आदित्य अब अपने इस AI स्मार्ट पालने का पेटेंट कराने की तैयारी कर रहे हैं।
