जिले के अकोढ़ीगोला प्रखंड परिसर में बुधवार को जिला पदाधिकारी उदिता सिंह के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक सह जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सरकार द्वारा क्षेत्र के विकास के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई और आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया।
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों ने खाद की बढ़ती कीमत, भूमि विवाद, कांव नदी में बाढ़ की समस्या सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दे प्रशासन के समक्ष रखे। जनता दरबार में सबसे अधिक आवेदन भूमि विवाद से संबंधित प्राप्त हुए। इस पर जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी मामलों का निष्पादन समयबद्ध, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से किया जाए, ताकि आम लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो।
इस मौके पर जिलाधिकारी ने आदर्श महिला साक्षरता केंद्र एवं उर्दू मध्य विद्यालय, अकोढ़ीगोला का निरीक्षण भी किया। साक्षरता अभियान से जुड़ी पांच मुस्लिम महिलाओं को साक्षरता प्रमाण पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया और शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया।
जिला प्रशासन की इस पहल से क्षेत्र की समस्याओं के शीघ्र समाधान की उम्मीद जगी है। जनता दरबार के माध्यम से लोगों को अपनी समस्याएं और सुझाव सीधे प्रशासन तक पहुंचाने का अवसर मिला, जिससे प्रशासन और जनता के बीच संवाद और अधिक मजबूत हुआ है।
वहीं जिला पदाधिकारी उदिता सिंह ने बताया कि जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान न केवल विकास योजनाओं की समीक्षा की गई, बल्कि जनप्रतिनिधियों से क्षेत्र की जमीनी समस्याओं की जानकारी भी प्राप्त की गई। उन्होंने कहा कि सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘सात निश्चय पार्ट–3’ के बारे में भी लोगों को अवगत कराया गया और इसमें आम जनता की भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी गई।
