केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आज उत्तराखंड के हरिद्वार में गायत्री परिवार द्वारा आयोजित शताब्दी वर्ष समारोह को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हरिद्वार एक पावन कुंभ क्षेत्र है, जिसे सप्त ऋषियों की तपस्या की भूमि के रूप में जाना जाता है। उन्होंने कहा कि इस दिव्य धरती पर संतों ने अपने आत्मबल से न केवल स्वयं को बल्कि करोड़ों लोगों को अध्यात्म के मार्ग पर आगे बढ़ाया है।
अमित शाह ने कहा कि इसी पवित्र भूमि पर पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य और वंदनीय माता जी ने गायत्री ऊर्जा को जागृत करने का महान कार्य किया। उन्होंने अखंड ज्योति सम्मेलन को आस्था, अध्यात्म और संस्कृति का अद्भुत संगम बताते हुए कहा कि यहां आकर उन्हें अखंड ऊर्जा और चेतना की अनुभूति हो रही है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य ने व्यक्ति निर्माण के माध्यम से आस्था, अध्यात्म और संस्कृति के पुनर्जागरण का मार्ग प्रशस्त किया। उनके विचार और कार्य आज भी समाज को सकारात्मक दिशा देने की प्रेरणा प्रदान करते हैं।
इससे पहले अमित शाह ने हरिद्वार में पतंजलि इमरजेंसी एवं क्रिटिकल केयर अस्पताल का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे।
