केंद्रीय गृह मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता अमित शाह ने आरोप लगाया है कि पश्चिम बंगाल सरकार सीमा पर बाड़ लगाने के लिए भूमि आवंटित करने के बजाय घुसपैठियों को जमीन देने को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने दावा किया कि कट मनी, जबरन वसूली और तुष्टिकरण की राजनीति के कारण राज्य का विकास पूरी तरह से ठप हो गया है।
कोलकाता में पोर्ट ब्लेयर में नेताजी सुभाष चंद्र बोस द्वारा आज़ाद हिंद ध्वज फहराने की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमित शाह ने राज्य में महिलाओं की सुरक्षा और औद्योगिक पलायन को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि बंगाल से उद्योगों का पलायन हो रहा है, जिससे राज्य के युवाओं को रोजगार के अवसर नहीं मिल पा रहे हैं।
गृह मंत्री ने पश्चिम बंगाल की जनता से भाजपा को एक अवसर देने की अपील करते हुए कहा कि भाजपा राज्य की खोई हुई गौरवशाली पहचान को पुनः स्थापित करेगी और देश के महान महापुरुषों के सपनों को साकार करेगी।
अमित शाह ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के शासन में भ्रष्टाचार, कुशासन और अवैध घुसपैठ का दौर चल रहा है, जिसे भाजपा की सुशासन और गरीब कल्याण पर केंद्रित सरकार समाप्त करेगी।
उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर राजनीतिक लाभ के लिए घुसपैठ को संरक्षण देने का आरोप लगाया। साथ ही कहा कि राज्य सरकार सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के कार्यों में बाधा डाल रही है और नागरिकता संशोधन अधिनियम (CAA) के क्रियान्वयन को भी रोक रही है।
