केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शनिवार को हरिद्वार में आयोजित “जन जन की सरकार, चार साल बेमिसाल” कार्यक्रम में उत्तराखंड के विकास के लिए ₹1129.91 करोड़ की विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
इस दौरान ₹1014.81 करोड़ की लागत वाली 22 योजनाओं का शिलान्यास और ₹115.10 करोड़ की 17 योजनाओं का लोकार्पण किया गया।
लोकार्पित परियोजनाओं में सहकारिता विभाग के अंतर्गत ₹14 करोड़ की लागत से मुख्यमंत्री घस्यारी कल्याण योजना के तहत टीएमआर प्लांट का उद्घाटन शामिल है। इसके अलावा देहरादून पुलिस लाइन में ₹18.17 करोड़ की लागत से बने 46 आवासीय भवनों का लोकार्पण किया गया।
गृह (पुलिस) विभाग के अंतर्गत पौड़ी गढ़वाल, उत्तरकाशी, नैनीताल, टिहरी गढ़वाल, अल्मोड़ा और चम्पावत सहित कई जिलों में पुलिस थानों के आवासीय भवन, प्रशासनिक भवन और प्रशिक्षण संस्थानों से जुड़ी परियोजनाओं का भी लोकार्पण किया गया।
कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवा विभाग के तहत हरिद्वार जिला कारागार में आवासीय भवनों का निर्माण, हाई सिक्योरिटी बैरकों और वीसी क्यूबिकल्स जैसी सुविधाओं का उद्घाटन भी किया गया।
इसके साथ ही होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा विभाग के अंतर्गत टिहरी गढ़वाल और पिथौरागढ़ में जिला कमांडेंट कार्यालयों के भवनों का लोकार्पण किया गया।
कार्यक्रम में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया गया। इनमें सहकारी समितियों के निबंधक कार्यालय के मुख्यालय भवन का निर्माण, अल्मोड़ा में कोसी नदी पर मोटर सेतु और चमोली में अलकनंदा नदी पर मोटर सेतु का निर्माण शामिल है। इसके अलावा ज्योतिर्मठ में ड्रेनेज से जुड़े कार्यों का भी शिलान्यास किया गया।
