केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शनिवार को देवभूमि उत्तराखंड के दौरे पर पहुंचे। उनके दौरे को लेकर राज्य में राजनीतिक हलचल और उत्साह देखने को मिला। देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर पहुंचने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया।
मुख्यमंत्री धामी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अमित शाह के साथ तस्वीर साझा करते हुए उनका स्वागत किया। उन्होंने लिखा कि सहकारिता के माध्यम से समृद्धि की नींव रखने वाले और सशक्त व सुरक्षित भारत के संकल्प को साकार करने वाले केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का देवभूमि उत्तराखंड आगमन पर जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है।
एयरपोर्ट पर स्वागत के बाद अमित शाह हेलीकॉप्टर के जरिए हरिद्वार के लिए रवाना हुए। हरिद्वार पहुंचने के बाद उन्होंने बैरागी कैंप मैदान में आयोजित राज्य सरकार के ‘4 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम के माध्यम से राज्य सरकार अपने चार वर्षों के कार्यकाल में किए गए विकास कार्यों और उपलब्धियों को जनता के सामने प्रस्तुत कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राज्य सरकार द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। इस प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों द्वारा किए गए विकास कार्यों और योजनाओं की जानकारी दी गई है।
अमित शाह की जनसभा को देखते हुए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। कार्यक्रम स्थल के आसपास सुरक्षा के कई स्तर बनाए गए हैं और पुलिस तथा प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। सुरक्षा एजेंसियां यह सुनिश्चित कर रही हैं कि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो।
कार्यक्रम के मंच पर भारतीय जनता पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और मंत्री भी मौजूद रहे। इनमें सौरभ बहुगुणा, रमेश पोखरियाल, तीरथ सिंह रावत, विजय बहुगुणा, स्वामी यतीश्वरानंद, अजय भट्ट, सुबोध उनियाल, अजय टम्टा, त्रिवेंद्र सिंह रावत, धन सिंह रावत, विजयराज लक्ष्मी, रेखा आर्या, सतपाल महाराज और अनिल बलूनी सहित कई प्रमुख नेता शामिल हुए।
वहीं हरिद्वार के बैरागी कैंप मैदान में सुबह से ही लोगों की भारी भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। राज्य के अलग-अलग जिलों से भाजपा कार्यकर्ता, समर्थक और साधु-संत बड़ी संख्या में कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। मैदान में हजारों कुर्सियां लगाई गई थीं और सभा स्थल लगभग पूरी तरह भर गया। लोगों में अमित शाह के संबोधन को सुनने को लेकर खासा उत्साह देखा गया।
