पंजाब के अमृतसर में एक धमकी भरे ई-मेल मिलने के बाद पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया। ई-मेल में दावा किया गया था कि गुरु नगरी के कई स्कूलों को उड़ाने और शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन को निशाना बनाने की साजिश रची गई है। सूचना मिलते ही अमृतसर पुलिस ने मेरिटोरियस स्कूल में हाई-अलर्ट सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया।
पुलिस की टीमों ने स्कूल परिसर में व्यापक तलाशी अभियान चलाया और सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। सर्च ऑपरेशन के दौरान एंटी-सबोटाज टीम, सुरक्षा बलों और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने स्कूल प्रबंधन के साथ बैठक कर सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए।
जांच पूरी होने के बाद पुलिस टीम वापस लौट गई और फिलहाल किसी भी संदिग्ध वस्तु के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है। ई-मेल में खालिस्तानी समर्थक भई हरदीप सिंह निज्जर को न्याय दिलाने का भी उल्लेख किया गया था, जिसे पुलिस ने गंभीरता से लिया है।
मामले की जांच के लिए पुलिस की सोशल मीडिया टीम, तकनीकी सेवा इकाई और राज्य साइबर सेल को भी शामिल किया गया है, ताकि धमकी भरे ई-मेल के स्रोत और उसकी उत्पत्ति का पता लगाया जा सके।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि वर्तमान में परीक्षाओं का दौर चल रहा है, इसलिए विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को घबराने की आवश्यकता नहीं है। अमृतसर पुलिस कमिश्नरेट ने स्पष्ट किया कि शहर में कानून-व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जा रहे हैं।
