अमृतसर में विभिन्न स्कूलों को सुबह प्राप्त हुए धमकी भरे ईमेल और शताब्दी ट्रेन को मिली सुरक्षा चेतावनी के बाद शहर में सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। स्थिति को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी और शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।
पुलिस द्वारा नॉवेल्टी चौक सहित प्रमुख स्थानों पर वाहनों की सघन जांच की गई। इस दौरान आने-जाने वाली हर कार और दोपहिया वाहन को रोककर बारीकी से तलाशी ली गई। वाहन चालकों के दस्तावेजों की जांच के साथ-साथ गाड़ियों की डिक्की और संदिग्ध सामान की भी जांच की गई।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए अमृतसर रेलवे स्टेशन पर भी कड़े इंतजाम किए गए। यहां संदिग्ध यात्रियों की गहन जांच की गई और ट्रेनों के अंदर जाकर भी चेकिंग अभियान चलाया गया। विशेष रूप से शताब्दी ट्रेन को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते की सहायता से प्लेटफॉर्म और कोचों की तलाशी ली।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जा रही है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और नागरिकों को घबराने की आवश्यकता नहीं है। धमकी भरे ईमेल भेजने वालों की पहचान करने के लिए जांच एजेंसियां लगातार जांच में जुटी हुई हैं।
