अमरोहा जिले के सैद नंगली थाना क्षेत्र में साढ़े तीन वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म करने वाले 48 वर्षीय अभियुक्त को पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पीड़िता की मां द्वारा थाने में शिकायत दर्ज कराए जाने के तुरंत बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए घटनास्थल का निरीक्षण किया और त्वरित कार्रवाई के लिए विशेष टीम गठित की।
पुलिस जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए, जिसके आधार पर अभियुक्त की पहचान गजेन्द्र सिंह, निवासी ग्राम कुन्दरकी भूड़ के रूप में हुई। लगातार तलाश के दौरान अभियुक्त को मोटरसाइकिल पर देखा गया। पुलिस टीम को देखते ही उसने फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें दरोगा दीपक कुमार की बुलेटप्रूफ जैकेट में गोली लगी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अभियुक्त के बाएं पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। इसके बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने दुष्कर्म की घटना को स्वीकार किया। घायल अभियुक्त को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) हसनपुर भेजा गया है।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनंद ने बताया कि मामले में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को कम समय में गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि इस तरह के जघन्य अपराधों के खिलाफ पुलिस की सख्त नीति है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
