दावोस में आयोजित विश्व आर्थिक मंच शिखर सम्मेलन के दौरान आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने आज संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के अर्थव्यवस्था एवं पर्यटन मंत्री अब्दुल्ला बिन तौक अल मर्री से मुलाकात की। बैठक में मुख्यमंत्री नायडू ने खाद्य सुरक्षा, लॉजिस्टिक्स, बंदरगाह आधारित उद्योग, नवीकरणीय ऊर्जा, शहरी विकास, पर्यटन और अधोसंरचना क्षेत्रों में आंध्र प्रदेश में उपलब्ध निवेश अवसरों को विस्तार से प्रस्तुत किया। दोनों पक्षों ने आंध्र प्रदेश और यूएई के बीच आर्थिक सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा की। अल मर्री ने दुबई फूड क्लस्टर के माध्यम से खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में आंध्र प्रदेश के साथ मिलकर काम करने पर सहमति व्यक्त की।
बैठक के दौरान शराफ ग्रुप द्वारा आंध्र प्रदेश में मल्टी-मॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क स्थापित करने के प्रस्ताव पर भी विचार-विमर्श हुआ। मुख्यमंत्री ने डीपी वर्ल्ड के साथ बड़े बंदरगाह टर्मिनल और लॉजिस्टिक्स अवसंरचना विकसित करने पर चर्चा की। साथ ही, उन्होंने एडीएनओसी के माध्यम से फ्लोटिंग स्टोरेज और रीगैसीफिकेशन यूनिट स्थापित करने की संभावना पर भी बातचीत की। श्री नायडू ने कहा कि यूएई के साथ रणनीतिक साझेदारी से राज्य में उद्योग, रोजगार और निर्यात को बढ़ावा मिलेगा। अल मर्री ने आंध्र प्रदेश को यूएई सरकार और प्रमुख कंपनियों की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
