दोहा में आयोजित फिडे वर्ल्ड ब्लिट्ज शतरंज चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में भारतीय ग्रैंडमास्टर अर्जुन एरिगैसी को उज्बेकिस्तान के शीर्ष खिलाड़ी नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव के खिलाफ करारी हार का सामना करना पड़ा। सेमीफाइनल मुकाबले में 22 वर्षीय अर्जुन 2.5–0.5 से पराजित हुए और उन्हें कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
प्रतियोगिता के पहले दिन शानदार प्रदर्शन करते हुए अर्जुन एरिगैसी ने अब्दुसत्तोरोव को हराया था, जिससे उनसे फाइनल में पहुंचने की उम्मीदें काफी बढ़ गई थीं। हालांकि सेमीफाइनल में मुकाबला पूरी तरह से अब्दुसत्तोरोव के पक्ष में चला गया और अर्जुन लय हासिल नहीं कर सके।
दूसरे सेमीफाइनल में मौजूदा चैंपियन मैग्नस कार्लसन ने अमेरिका के फैबियानो कारुआना को 3–1 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। अब फाइनल में खिताबी मुकाबला मैग्नस कार्लसन और नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव के बीच होगा।
इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फिडे वर्ल्ड ब्लिट्ज शतरंज चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने पर अर्जुन एरिगैसी को बधाई दी है। सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि अर्जुन की कुशलता, धैर्य और खेल के प्रति जुनून प्रशंसनीय है। उन्होंने यह भी कहा कि फिडे रैपिड शतरंज चैंपियनशिप में हाल ही में कांस्य पदक जीतने के बाद यह उपलब्धि युवाओं को प्रेरित करती रहेगी।
