पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय अरुण जेटली की जयंती के अवसर पर पटना के कंकड़बाग स्थित पी.सी. कॉलोनी के सेक्टर-ए, पार्क संख्या–31 में राजकीय जयंती समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्वर्गीय अरुण जेटली की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस कार्यक्रम में जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी, कृषि मंत्री रामकृपाल यादव, गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार, सांसद रविशंकर प्रसाद, विधायक संजीव चौरसिया और विधायक रत्नेश कुशवाहा सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। इसके अलावा पूर्व विधानसभा अध्यक्ष नंद किशोर यादव, पूर्व विधायक अरुण कुमार सिन्हा तथा बिहार राज्य नागरिक परिषद के महासचिव अरविंद कुमार समेत अनेक सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ता भी समारोह में शामिल हुए।
समारोह में मौजूद सभी गणमान्य अतिथियों ने स्वर्गीय अरुण जेटली की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके राष्ट्रहित में किए गए योगदान को स्मरण किया। वक्ताओं ने उनके दूरदर्शी नेतृत्व, आर्थिक नीतियों और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति समर्पण को याद किया।
इस अवसर पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कलाकारों द्वारा आरती-पूजन के साथ बिहार गीत और देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी गई। सांस्कृतिक कार्यक्रमों से पूरा वातावरण श्रद्धा, सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना से ओतप्रोत हो गया। राजकीय समारोह के माध्यम से स्वर्गीय अरुण जेटली के योगदान को नमन करते हुए उनके विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प भी व्यक्त किया गया।
