बिहार के औरंगाबाद जिले के 54वें स्थापना दिवस के अवसर पर सुदूरवर्ती गोह प्रखंड मुख्यालय स्थित गांधी मैदान में ‘जिला प्रशासन आपके द्वार’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने किया।
इस मौके पर जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने कहा कि आम जनता की समस्याओं को उनके घर-द्वार पर जाकर सुनना और उसका समाधान करना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य भी यही है कि लोगों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ आसानी से मिल सके।
उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के तहत आम लोगों को सरकारी सेवाएं सरल और सहज तरीके से उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न महत्वपूर्ण विभागों के स्टॉल लगाए गए हैं। इन स्टॉलों के माध्यम से लोगों की शिकायतें सुनी जा रही हैं और कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जा रहा है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग पहुंचे और विभिन्न विभागों से जुड़ी जानकारी हासिल की। प्रशासन की इस पहल को लोगों ने काफी सराहा और इसे जनहित में उठाया गया सकारात्मक कदम बताया।
