अयोध्या में स्थित भव्य श्री राम जन्मभूमि मंदिर की बुधवार को दूसरी वर्षगांठ मनाई जा रही है। इस पावन अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देश और प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। रामनगरी अयोध्या में उत्सव और श्रद्धा का माहौल देखने को मिल रहा है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपने संदेश में लिखा कि आज ही के शुभ दिन दो वर्ष पहले 500 वर्षों की प्रतीक्षा समाप्त हुई थी, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्री राम जन्मभूमि मंदिर में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा की थी। उन्होंने प्राण-प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ पर सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह मंदिर प्रभु श्रीराम के आदर्शों और जीवन मूल्यों की पुनर्स्थापना का प्रतीक है।
अमित शाह ने आगे कहा कि श्री राम जन्मभूमि मंदिर धर्म की रक्षा के लिए संघर्ष, सांस्कृतिक स्वाभिमान के लिए त्याग और विरासतों के संरक्षण के लिए दिए गए बलिदानों की अप्रतिम प्रेरणा बना रहेगा। उन्होंने इस अवसर पर श्री राम जन्मभूमि आंदोलन से जुड़े सभी बलिदानियों को नमन भी किया।
वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी ‘एक्स’ पर पोस्ट कर श्रद्धा व्यक्त की। उन्होंने लिखा कि भारत की चेतना के उत्कर्ष की साक्षी बन रही अयोध्या नगरी में आज प्रभु श्रीरामलला के नूतन विग्रह की प्राण-प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ का पावन दिन है। श्री राम जन्मभूमि मंदिर में रामलला का विराजमान होना सदियों के संघर्ष की समाप्ति और लंबे समय से चली आ रही वेदना के विराम का प्रतीक है।
सीएम योगी ने कहा कि यह क्षण तीन पीढ़ियों की साधना और संघर्ष, पूज्य साधु-संतों के आशीर्वाद और 140 करोड़ देशवासियों के अटूट विश्वास की परिणति है। उन्होंने कहा कि आज प्रत्येक रामभक्त के हृदय में संतोष और गर्व का भाव है और यह दिन भारत की सांस्कृतिक चेतना के लिए ऐतिहासिक महत्व रखता है।
