होली पर्व को ध्यान में रखते हुए बागेश्वर जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा सघन निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में विभागीय टीम ने कपकोट और बागेश्वर नगर क्षेत्र सहित आसपास के इलाकों में औचक निरीक्षण कर खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की।
निरीक्षण अभियान के दौरान मिष्ठान भंडार, किराना दुकानों, डेयरी प्रतिष्ठानों तथा अन्य खाद्य कारोबारियों के यहां स्वच्छता व्यवस्था, खाद्य पदार्थों के भंडारण, लाइसेंस और पंजीकरण दस्तावेजों के साथ-साथ क्रय-विक्रय अभिलेखों की गहन जांच की गई। अधिकारियों ने खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और मानकों का विशेष रूप से निरीक्षण किया।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा डॉ. प्रकाश चंद फलारा ने जानकारी देते हुए बताया कि जांच के दौरान संदेह के आधार पर मावा, विभिन्न प्रकार की मिठाइयों और खाद्य तेल सहित कुल सात नमूने एकत्रित किए गए हैं। इन नमूनों को परीक्षण के लिए रुद्रपुर स्थित खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित खाद्य कारोबारियों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि होली पर्व के दौरान लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आगे भी इस प्रकार के सघन निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेंगे। विभाग ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि संदिग्ध या खराब खाद्य सामग्री की सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
