उत्तराखंड के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर गैर हिंदुओं के प्रवेश को लेकर एक बार फिर बहस तेज हो गई है। हरिद्वार की प्रसिद्ध हरकी पैड़ी में गैर हिंदुओं के प्रवेश पर पाबंदी लगाने की मांग उठने लगी है। इसी क्रम में बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने भी चारधाम यात्रा के दौरान गैर हिंदुओं के प्रवेश पर रोक लगाने की दिशा में कदम बढ़ाने की तैयारी कर ली है।
मंदिर समिति की ओर से जानकारी दी गई है कि आगामी बोर्ड बैठक में इस संबंध में प्रस्ताव लाया जाएगा, जिसमें चारधाम क्षेत्र में गैर हिंदुओं के प्रवेश को निषिद्ध करने पर विचार किया जाएगा। समिति का मानना है कि चारधाम जैसे पवित्र धार्मिक स्थलों की मर्यादा और परंपराओं की रक्षा के लिए यह कदम आवश्यक हो सकता है।
इस मुद्दे पर पर्यटन एवं धर्मस्व मंत्री सतपाल महाराज ने कहा है कि सरकार इस विषय का गहन अध्ययन कर रही है और सभी पहलुओं पर विचार करने के बाद जल्द ही निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि देश और दुनिया के कई धार्मिक स्थलों पर पहले से ऐसी व्यवस्थाएं लागू हैं, जहां अन्य समुदायों के लोगों के प्रवेश पर प्रतिबंध है। उसी तर्ज पर उत्तराखंड में भी उचित व्यवस्था बनाई जा सकती है।
फिलहाल सरकार और मंदिर समिति के रुख को लेकर धार्मिक और सामाजिक संगठनों में चर्चा तेज है। आने वाले दिनों में इस विषय पर राज्य सरकार का फैसला महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
