बरेली पुलिस ने आधुनिक तकनीक की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए प्रदेश पुलिस को एक ऐसा हाईटेक डिजिटल सिस्टम दिया है, जिसने क्राउड मैनेजमेंट, सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक नियंत्रण और ड्यूटी मॉनिटरिंग की कार्यप्रणाली को पूरी तरह बदल दिया है। ‘डायनेमिक ड्यूटी मैनेजमेंट सिस्टम’ (DDMS) नाम का यह एआई आधारित ऐप जिले के पुलिस अधिकारियों द्वारा मिलकर विकसित किया गया है।
इस तकनीक का पहली बार सफल प्रयोग बरेली ट्रैफिक पुलिस ने शहर में आयोजित तीन दिवसीय आला हजरत उर्स और गंगा महारानी शोभायात्रा के दौरान किया। आयोजन में मिले सकारात्मक परिणामों के बाद यह ऐप पुलिस व्यवस्था के लिए एक प्रभावी और आधुनिक हथियार के रूप में सामने आया है।
एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान ने बताया कि सभी पुलिसकर्मियों को ऐप के लिए लॉगिन आईडी और पासवर्ड उपलब्ध कराए गए हैं। बाहर से आने वाली पुलिस और पीएसी फोर्स के लिए भी अलग-अलग लॉगिन सिस्टम तैयार किया गया है। ऐप में उपलब्ध मैप नेविगेशन सुविधा के जरिए पुलिसकर्मी सीधे अपने ड्यूटी प्वॉइंट तक पहुंच सकते हैं, जिससे रास्ता भटकने की समस्या खत्म हो गई है।
अब ड्यूटी कार्ड भी QR कोड आधारित होगा, जिसमें प्रभारी अधिकारी और संबंधित पुलिसकर्मियों की पूरी जानकारी दर्ज रहेगी। ऐप में एकत्रित डेटा भविष्य के आयोजनों के लिए डेटाबेस की तरह काम करेगा। इससे एक क्लिक में यह जानकारी मिल सकेगी कि किस स्थान पर कितनी पुलिस फोर्स तैनात की गई थी।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस में एआई तकनीक के जरिए पुलिसिंग को आधुनिक और प्रभावी बनाने की तैयारी चल रही है। बेसिक पुलिसिंग के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का यह अभिनव प्रयोग पुलिस व्यवस्था को और मजबूत बनाएगा।
यह प्रोजेक्ट बरेली के इंटीग्रेटेड कंट्रोल कमांड सेंटर द्वारा संचालित किया जा रहा है और फिलहाल बरेली ट्रैफिक पुलिस इसे पायलट प्रोजेक्ट के रूप में इस्तेमाल कर रही है। भविष्य में इसे पूरे उत्तर प्रदेश में लागू करने की योजना है।
