पंजाब के बठिंडा में विजिलेंस ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आरटीओ कार्यालय के एक क्लर्क को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। विजिलेंस टीम ने यह कार्रवाई 2 फरवरी को विशेष अभियान के तहत की।
जानकारी के अनुसार विजिलेंस ब्यूरो ने आरटीओ कार्यालय बठिंडा में कार्यरत आरसी क्लर्क डेविड कुमार को 2700 रुपये रिश्वत लेते हुए पकड़ा। यह कार्रवाई विजिलेंस इंस्पेक्टर रजनीदीप कौर की अगुवाई में की गई।
विजिलेंस अधिकारियों ने बताया कि उन्हें शिकायत मिली थी कि आरोपी क्लर्क वाहन वेरिफिकेशन फाइल को ऑनलाइन करने के लिए आवेदकों से रिश्वत की मांग करता था। शिकायत की पुष्टि होने के बाद टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को रिश्वत लेते समय रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
विजिलेंस ब्यूरो द्वारा मामले की आगे जांच की जा रही है और संबंधित दस्तावेजों को जब्त कर लिया गया है। अधिकारियों ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
