भभुआ अनुमंडल में महिला सिपाही के साथ मारपीट और अभद्र भाषा के प्रयोग का मामला सामने आया है। इस संबंध में भभुआ की डीएसपी मनोरंजन भारती ने बताया कि पीड़ित महिला सिपाही ने थाने में लिखित आवेदन देकर आरोप लगाया है कि उसके साथ शारीरिक मारपीट की गई और गाली-गलौज की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल प्राथमिकी दर्ज की और आरोपी सुमित चतुर्वेदी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया। डीएसपी ने बताया कि फिलहाल पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि महिला सिपाही और आरोपी के बीच पहले से बातचीत होती रही थी। बताया जा रहा है कि दोनों एक ही क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पीड़ित महिला सिपाही वर्तमान में भगवानपुर थाना में पदस्थापित हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी ने स्वयं को भारतीय सेना में कार्यरत बताया है। इस दावे की सत्यता की भी जांच की जा रही है और संबंधित विभागों से जानकारी जुटाई जा रही है। डीएसपी मनोरंजन भारती ने स्पष्ट किया कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति सामने आएगी और यदि आरोपी दोषी पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
