चिली के सैंटियागो में खेले जा रहे एफआईएच जूनियर महिला हॉकी विश्व कप में भारतीय जूनियर टीम ने नामीबिया को 13-0 से हराकर शानदार शुरुआत की है। इस जीत के साथ ही भारत तालिका में शीर्ष पर पहुंच गया है। हिना बानो और कनिका सिवाच ने हैट्रिक लगाई, जबकि साक्षी राणा ने दो गोल किए। बिनिमा धन, सोनम, साक्षी शुक्ला, इशिका और मनीषा ने एक-एक गोल किया। ज्योति सिंह के नेतृत्व में टीम को पूल सी में जर्मनी, आयरलैंड और नामीबिया के साथ रखा गया है। कल जर्मनी ने पूल के पहले मैच में आयरलैंड को 7-1 से हराया था। भारत का अगला मुकाबला कल जर्मनी से होगा, जिसके बाद शुक्रवार को पूल-स्टेज के अंतिम मैच में आयरलैंड से भिड़ंत होगी।
वहीं, पुरुष हॉकी में, एफआईएच जूनियर पुरुष विश्व कप में, भारत आज मदुरै, तमिलनाडु में नॉकआउट चरण से पहले अपने अंतिम ग्रुप लीग मुकाबले में स्विट्जरलैंड से भिड़ेगा। यह मैच भारतीय समयानुसार रात 8:00 बजे शुरू होगा। भारत और स्विट्जरलैंड दोनों ही पूल बी में अपने-अपने दो मैच जीतकर अजेय हैं, लेकिन मेजबान बेहतर गोल अंतर के कारण तालिका में शीर्ष पर है।
