Nitish Kumar ने मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत आज ‘संकल्प सभागार’ से 25 लाख महिला लाभार्थियों के खातों में 10,000 रुपये प्रति महिला की दर से कुल 2,500 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए। यह राशि रिमोट बटन दबाकर सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी गई।
इससे पहले सरकार द्वारा 1 करोड़ 56 लाख महिलाओं के खातों में 15,600 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए जा चुके थे। इस नए ट्रांसफर के बाद अब तक कुल 1 करोड़ 81 लाख महिलाओं के खातों में लगभग 18,100 करोड़ रुपये भेजे जा चुके हैं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़ी सभी महिला लाभार्थियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस योजना से महिलाएं अपनी पसंद का रोजगार शुरू कर सकेंगी। उन्होंने यह भी घोषणा की कि जो महिलाएं अपने व्यवसाय को सफलतापूर्वक चलाएंगी, उन्हें आगे 2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त आर्थिक सहायता भी दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि Bihar में महिला सशक्तीकरण पर हमेशा विशेष ध्यान दिया गया है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2006 में World Bank के सहयोग से राज्य में स्वयं सहायता समूह ‘जीविका’ का गठन किया गया था, जिसने ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने भरोसा जताया कि यह आर्थिक सहायता महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाएगी, जिससे उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति बेहतर होगी और राज्य के समग्र विकास को गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि केंद्र सरकार राज्य के विकास में पूरा सहयोग दे रही है और आने वाले समय में भी सभी वर्गों के विकास के लिए मिलकर काम किया जाएगा।
