भाजपा के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आज मथुरा पहुंचे, जहां उनका भव्य और जोरदार स्वागत किया गया। मांट क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे कट पर भाजपा विधायक राजेश चौधरी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उनका अभिनंदन किया। इस दौरान बाबा के बुलडोजर से फूलों की वर्षा कर नितिन नवीन का विशेष स्वागत किया गया, जिससे माहौल उत्साहपूर्ण हो गया।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी भी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक कार्यक्रम में शामिल हुए।
सभा को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर प्रशंसा की और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सरकार गरीब, किसान और मजदूर वर्ग के कल्याण के लिए निरंतर काम कर रही है।
नितिन नवीन ने मनरेगा योजना का जिक्र करते हुए कहा कि अब मजदूरों को पहले की तरह 100 दिन नहीं, बल्कि 125 दिन रोजगार की गारंटी दी जाएगी। उन्होंने इसे श्रमिकों के हित में एक बड़ा कदम बताया। साथ ही उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार जो कहती है, उसे जमीन पर उतारने का काम करती है।
अपने दौरे के दौरान नितिन नवीन ने शहीद पंकज नौहवार की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनसंपर्क अभियान को और तेज करने का आह्वान किया और कहा कि पार्टी की नीतियों और सरकार की उपलब्धियों को हर व्यक्ति तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की अहम जिम्मेदारी है।
