धर्म नगरी मथुरा और वृंदावन में बसंत पंचमी के पावन पर्व के साथ ही 40 दिवसीय फाग उत्सव की भव्य शुरुआत हो गई है। इस अवसर पर मथुरा के द्वारिकाधीश मंदिर और वृंदावन स्थित विश्वविख्यात ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में अबीर-गुलाल उड़ाया गया। ब्रजभूमि में “सब जग होरी जा ब्रज में होरा” के जयघोष के साथ विश्वप्रसिद्ध होली महोत्सव का विधिवत शुभारंभ हुआ।
बसंत पंचमी के दिन सुबह से ही ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर के बाहर देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। जैसे ही मंदिर के पट खुले और श्रृंगार आरती संपन्न हुई, सेवायत गोस्वामियों ने ठाकुरजी के चरणों में अर्पित गुलाल श्रद्धालुओं पर बरसाया। देखते ही देखते पूरा मंदिर परिसर रंगों से सराबोर हो गया।
भक्त “बांकेबिहारी लाल की जय” और “होली है” के जयकारों के साथ उल्लास और भक्ति में डूबे नजर आए। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार ब्रज में होली का उत्सव बसंत पंचमी से आरंभ होकर लठामार होली, फूलों की होली और रंगभरनी एकादशी तक चलता है।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर प्रशासन द्वारा कड़े इंतजाम किए गए थे। पुलिस और प्रशासनिक टीमें पूरे क्षेत्र में मुस्तैद रहीं। बसंत पंचमी के साथ ही अब पूरे मथुरा-वृंदावन क्षेत्र में फाग उत्सव की रौनक और रंगों की धूम देखने को मिल रही है।
