अगर आप बिना डॉक्टर की सलाह के कफ सिरप या गैस की दवाएं (डीएसआर) का सेवन कर रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद अहम है। बिहार के बक्सर जिले में उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लाखों से करोड़ों रुपये मूल्य की अवैध और संदिग्ध दवाओं के साथ शराब की खेप जब्त की है।
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश से बिहार लाई जा रही कफ सिरप, गैस की दवाएं और शराब की अवैध खेप को उत्पाद विभाग ने बक्सर के वीर कुंवर सिंह सेतु पर पकड़ा। यह सेतु यूपी और बिहार को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है। इस कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप मच गया है।
उत्पाद विभाग द्वारा चलाए गए दो दिवसीय विशेष अभियान के तहत उत्तर प्रदेश की सीमा से बिहार में प्रवेश कर रहे दो ट्रकों को वीर कुंवर सिंह सेतु पर रोका गया। जांच के दौरान ट्रकों से भारी मात्रा में अवैध कफ सिरप, गैस की दवाएं, अन्य संदिग्ध (मिसलेनियस) दवाएं और शराब बरामद की गई।
जब्त सामग्री में लगभग 32,200 पीस कफ सिरप, 320 कार्टन कफ सिरप, विभिन्न प्रकार की संदिग्ध दवाएं और बड़ी मात्रा में शराब शामिल है। बरामद सभी सामग्री की बाजार कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है।
इस संबंध में उत्पाद अधीक्षक असरफ जमाल ने बताया कि छापेमारी के दौरान बरामद की गई सभी अवैध दवाएं और शराब को जब्त कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि उत्पाद विभाग अवैध तस्करी पर लगातार नजर बनाए हुए है और आगे भी तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
अवैध रूप से सप्लाई की जा रही कफ सिरप और दवाओं के पकड़े जाने के बाद स्वास्थ्य को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ऐसे में आम लोगों से अपील की जा रही है कि वे बिना डॉक्टर की सलाह के किसी भी प्रकार की कफ सिरप या अन्य दवाओं का सेवन न करें, ताकि गंभीर स्वास्थ्य जोखिम से बचा जा सके।
