बिहार के बक्सर जिले में मकर संक्रांति महापर्व को लेकर प्रसिद्ध रामरेखा घाट पर तैयारियाँ जोरों पर हैं। हर वर्ष की तरह इस बार भी गंगा स्नान और दान-पुण्य के लिए भारी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।
बक्सर में मकर संक्रांति का पर्व गंगा स्नान के साथ बड़े ही श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाता है। इस अवसर पर महिलाएं, पुरुष और बुजुर्ग श्रद्धालु प्रातःकाल गंगा नदी में आस्था की डुबकी लगाते हैं और दान-पुण्य कर पुण्य अर्जित करते हैं। रामरेखा घाट पर न केवल बक्सर जिले से, बल्कि उत्तर प्रदेश और नेपाल से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, जिससे यहां मेले जैसा माहौल बन जाता है।
इसी क्रम में मंगलवार को बक्सर की जिलाधिकारी साहिला कुमारी ने रामरेखा घाट का निरीक्षण किया और प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। जिलाधिकारी ने बताया कि गंगा नदी में बैरिकेडिंग की जाएगी, घाटों की मरम्मत और समतलीकरण का कार्य तेजी से किया जा रहा है तथा भीड़ प्रबंधन के लिए अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जाएगी।
गंगा स्नान के दौरान भारी भीड़ उमड़ने को देखते हुए प्रशासन द्वारा साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा सहायता और आपातकालीन सेवाओं की भी व्यवस्था की जा रही है। जिला प्रशासन का कहना है कि सभी तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएंगी, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित और सुगम तरीके से मकर संक्रांति महापर्व का आनंद ले सकें।
