बैडमिंटन में भारत की पुरुष युगल जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी आज BWF वर्ल्ड टूर फाइनल्स 2025 में सेमीफाइनल में जगह पक्की करने के इरादे से इंडोनेशिया की जोड़ी फजार अल्फियान और मोहम्मद शोहीबुल फिकरी का सामना करेगी। यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट चीन के हांगझोउ में आयोजित किया जा रहा है।
भारतीय जोड़ी ने ग्रुप बी के अपने पहले मुकाबले में शानदार वापसी करते हुए चीन के चांग वांग और वेई केंग लियांग को 12-21, 22-20, 21-14 से हराकर अपने अभियान की दमदार शुरुआत की थी। इस रोमांचक जीत से सात्विक और चिराग का आत्मविश्वास काफी बढ़ा है।
BWF वर्ल्ड टूर फाइनल्स 2025 में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी भारत की एकमात्र प्रतिनिधि जोड़ी हैं। टूर्नामेंट की शुरुआत कल हांगझोउ में हुई थी। भारतीय जोड़ी को ग्रुप बी में रखा गया है, जहां उनका मुकाबला चीन की लियांग और वांग की जोड़ी, इंडोनेशिया की फजार अल्फियान और मोहम्मद शोहीबुल फिकरी, तथा मलेशिया की एरन चिया और सोह वूई यिक की मजबूत जोड़ियों से हो रहा है।
भारतीय बैडमिंटन प्रशंसकों की निगाहें आज होने वाले मुकाबले पर टिकी हैं, जहां जीत हासिल कर सात्विक और चिराग सेमीफाइनल की ओर एक मजबूत कदम बढ़ाना चाहेंगे।
