देहरादून के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल चकराता की ऊँची पहाड़ियों पर सीज़न की पहली बर्फबारी देखने को मिली है। पहाड़ों पर गिरी सफेद बर्फ ने पूरे क्षेत्र को मानो चाँदी की चादर से ढक दिया हो। इस मनोहारी नज़ारे ने पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय लोगों के चेहरों पर भी मुस्कान ला दी है।
प्रदेश के निचले इलाकों में देर रात से हो रही हल्की रिमझिम बारिश से मौसम सुहावना हो गया है, वहीं चकराता की ऊँची चोटियों पर सुबह-सवेरे पहली बर्फबारी दर्ज की गई। खासकर चकराता के लोखंडी क्षेत्र में सुबह उठते ही लोगों को बर्फ से ढकी पहाड़ियों का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। चारों ओर फैली सफेद बर्फ पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करती नजर आई।
सीज़न की पहली बर्फबारी से पर्यटन गतिविधियों में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है। माना जा रहा है कि बर्फबारी की खबर फैलते ही आने वाले दिनों में बड़ी संख्या में पर्यटक चकराता का रुख करेंगे। इससे होटल कारोबारियों, छोटे दुकानदारों और स्थानीय व्यवसाय से जुड़े लोगों की आय में भी वृद्धि होगी।
बारिश और बर्फबारी को बागवानी और खेती से जुड़े किसानों के लिए भी लाभकारी माना जा रहा है। इससे फसलों को पर्याप्त नमी मिलेगी और आने वाले समय में उत्पादन बेहतर होने की उम्मीद है।
