चम्पावत जिला कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में सैकड़ों लोगों की विभिन्न समस्याओं का त्वरित निस्तारण किया गया। जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में जनहित से जुड़ी कई शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम के दौरान आर्थिक सहायता, भूमि विवाद, आवास, पेयजल, सोलर लाइट, आपदा से क्षतिग्रस्त योजनाएं, फसल सुरक्षा के लिए तारबाड़, रोजगार, सड़क मार्ग, विद्युत, सामाजिक सुरक्षा पेंशन और केसीसी ऋण माफी जैसी समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों की समस्याओं को संवेदनशीलता, गंभीरता और समयबद्ध तरीके से हल किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।
जनता मिलन कार्यक्रम में दूर-दराज क्षेत्रों से आए लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि उनकी समस्याओं का समाधान मौके पर ही किया जा रहा है। बाराकोट विकासखंड के ढुंगा जोशी गांव से आए अनिल जोशी ने बताया कि मलवा आने के कारण गांव की सड़क लंबे समय से बंद थी और कई बार शिकायत करने के बावजूद समाधान नहीं हो पाया था। वहीं बाजरिकोट के अंबेडकर गांव से आए ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण कार्य कुछ लोगों द्वारा रुकवा दिए जाने से बच्चों को स्कूल जाने में दिक्कत हो रही है।
