उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चंपावत में ‘चंपावत सरस कॉर्बेट महोत्सव–2026’ का भव्य शुभारंभ किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह महोत्सव केवल सात दिनों का आयोजन नहीं है, बल्कि उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य, मातृशक्ति की ताकत, युवाओं के उत्साह और आत्मनिर्भर उत्तराखंड के संकल्प का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महोत्सव के जरिए राज्य की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती मिलेगी। साथ ही पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा देकर स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में यह आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
महोत्सव के दौरान पैराग्लाइडिंग, माउंटेन बाइकिंग, हॉट एयर बैलून, रिवर राफ्टिंग, पैरामोटरिंग, पक्षी अवलोकन और ट्रेकिंग जैसी एडवेंचर गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इन गतिविधियों के माध्यम से चंपावत को देश के प्रमुख एडवेंचर टूरिज्म केंद्र के रूप में विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है।
सरकार का मानना है कि इस तरह के आयोजनों से पर्यटन को नई गति मिलेगी और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
