मुख्य सचिव आनंद बर्धन की अध्यक्षता में सचिवालय में आगामी चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और तकनीक-सक्षम बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों को सौंपे गए दायित्वों को प्रभावी ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य सचिव ने सचिव सचिन कुर्वे को केदारनाथ और बदरीनाथ मार्ग पर स्थित सभी अस्पतालों को पूर्ण रूप से क्रियाशील करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रमुख स्थलों पर क्यूआर कोड लगाए जाएं, ताकि यात्रियों को संबंधित स्थान और आसपास की महत्वपूर्ण जानकारी डिजिटल माध्यम से उपलब्ध हो सके।
इसके साथ ही सभी मुख्य बिंदुओं पर स्पष्ट साइनेज लगाने तथा यात्रा संचालन के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) जारी करने के निर्देश भी दिए गए।
मुख्य सचिव ने चमोली, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी के जिलाधिकारियों को स्थानीय स्तर पर सभी विभागों, एजेंसियों और हितधारकों के साथ समन्वय स्थापित कर व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने को कहा। उन्होंने पिछले वर्षों के अनुभवों और चुनौतियों की समीक्षा करते हुए भीड़ प्रबंधन के लिए मजबूत और व्यावहारिक कार्ययोजना तैयार करने पर विशेष जोर दिया।
