उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने लोहाघाट स्थित भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की 36वीं वाहिनी में तैनात जवानों के साथ होली का पावन पर्व मनाया। इस दौरान उन्होंने देश की सीमाओं की सुरक्षा में तैनात हिमवीरों को शुभकामनाएं दीं और उनके अदम्य साहस एवं समर्पण को नमन किया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि देश की सीमाओं के रक्षक जवानों का योगदान अतुलनीय और अविस्मरणीय है। उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्रों की विषम भौगोलिक परिस्थितियों और कठोर जलवायु में भी जवान पूरी निष्ठा और साहस के साथ देश की सुरक्षा में डटे रहते हैं, जो प्रत्येक नागरिक के लिए गर्व का विषय है।
उन्होंने कहा कि त्योहारों के अवसर पर अपने परिवार से दूर रहकर मातृभूमि की रक्षा करना जवानों के त्याग, तप और बलिदान का जीवंत उदाहरण है। मुख्यमंत्री ने जवानों के साथ उत्साहपूर्वक होली मनाते हुए उनका उत्साहवर्धन किया और देश की सुरक्षा के प्रति उनके समर्पण की सराहना की।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा में तैनात ये हिमवीर देशवासियों के लिए एक मजबूत सुरक्षा कवच हैं और पूरा देश उनके साहस और समर्पण का सम्मान करता है।
