मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को उत्तराखंड की राजधानी देहरादून को आधुनिक और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध बनाने के संकल्प के साथ कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। नगर निगम देहरादून में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘विकास भी और विरासत भी’ के मंत्र को दोहराते हुए कहा कि राज्य सरकार अपनी समृद्ध पहचान और सांस्कृतिक धरोहर को संजोते हुए विकास की दिशा में आगे बढ़ रही है। तेज विकास के साथ-साथ अपनी संस्कृति को सहेजने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने देहरादून की ऐतिहासिक पहचान को सहेजने के अंतर्गत 2 करोड़ 32 लाख 50 हजार रुपये की लागत से पुनर्जीवित किए गए जुगमन्दर हॉल के जीर्णोद्धार एवं नवीनीकरण कार्य का लोकार्पण किया। इसके साथ ही उन्होंने केदारपुरम स्थित एबीसी सेंटर में कैनालों के निर्माण और नगर निगम क्षेत्र के 6 विभिन्न स्थानों पर पार्कों के विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का शिलान्यास भी किया। जनता को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के शहरी क्षेत्रों को सुव्यवस्थित और आधुनिक बनाने के लिए व्यापक प्रयास किए जा रहे हैं। स्वच्छ भारत मिशन, अमृत योजना और स्मार्ट सिटी मिशन के माध्यम से शहरों को भविष्य के अनुरूप विकसित किया जा रहा है।
देहरादून को एक स्मार्ट और ग्रीन शहर बनाने के लिए वर्तमान में 1400 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं पर व्यापक स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं। शहर में कचरा प्रबंधन के लिए आधुनिक मैकेनाइज्ड ट्रांसफर स्टेशन का निर्माण किया गया है और कूड़ा वाहनों की रियल-टाइम मॉनिटरिंग के लिए इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर की स्थापना की गई है। हरित और स्वस्थ देहरादून के निर्माण के लिए अब तक शहर में 35 पार्कों का निर्माण कराया गया है, जिसमें केदारपुरम में योगा थीम पर आधारित शहर का सबसे बड़ा पार्क विकसित किया गया है। वीर बलिदानियों की स्मृति में विशेष स्मृति पार्कों के माध्यम से 50 हजार वर्ग मीटर से अधिक हरित क्षेत्र को पुनर्जीवित किया गया है।
पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कदम बढ़ाते हुए शहर में 30 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जा रहा है और निजी इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए 11 स्थानों पर चार्जिंग स्टेशन भी स्थापित किए गए हैं। नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम के अंतर्गत स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में देहरादून ने देशभर में 19वां स्थान प्राप्त किया है, जो शहर की बढ़ती स्वच्छता का प्रमाण है। मुख्यमंत्री ने आगामी चुनौतियों का जिक्र करते हुए कहा कि जल्द ही प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का शुभारंभ करेंगे जिससे आवागमन और तेज होगा। इन संभावित चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए पार्किंग, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास पर सरकार विशेष ध्यान दे रही है।
यातायात की समस्या को हल करने के लिए रिस्पना और बिंदाल नदियों के ऊपर एलिवेटेड रोड के निर्माण की योजना भी तैयार की जा रही है। मुख्यमंत्री ने नगर निगम देहरादून की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए बताया कि पिछले एक वर्ष में निगम के राजस्व संग्रहण में 40 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जिससे राजस्व 52 करोड़ रुपये से बढ़कर 73 करोड़ रुपये तक पहुँच गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में सामूहिक प्रयासों से देहरादून देश के शीर्ष स्वच्छ शहरों की श्रेणी में शामिल होगा।
