उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने निजी आवास नगला तराई (खटीमा) में होली पर्व पारंपरिक हर्षोल्लास और सांस्कृतिक गरिमा के साथ मनाया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सपरिवार उपस्थित होल्यारों का आत्मीय स्वागत किया और प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए सभी को अबीर-गुलाल लगाकर त्योहार की खुशियां साझा कीं।
होली मिलन समारोह के दौरान विभिन्न समुदायों की महिलाओं ने हिंदी, कुमाऊंनी, थारू और बंगाली लोक परंपराओं पर आधारित होली गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिससे पूरा वातावरण रंगों और लोक संस्कृति से सराबोर हो गया। पारंपरिक लोकधुनों पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी होल्यारों के साथ झूमते नजर आए, जिसने कार्यक्रम की रौनक और बढ़ा दी।
कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह आयोजन प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, विविधता में एकता और सामाजिक सहभागिता की भावना का जीवंत उदाहरण बना।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए समाज में प्रेम, सद्भाव और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत बनाए रखने का आह्वान किया।
समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, दर्जा राज्यमंत्री फरजाना बेगम, अमित कुमार पांडे सहित कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
