उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी राजकीय मेडिकल कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में ₹147 करोड़ 28 लाख 56 हजार की लागत से कुल 40 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 72 करोड़ 38 लाख रुपये की लागत वाली 23 योजनाओं का लोकार्पण तथा 74 करोड़ 90 लाख 56 हजार रुपये की लागत से 17 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं के पूरा होने से नैनीताल जिले के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को विकसित राज्य बनाने के लिए तेजी से कार्य कर रही है और विभिन्न क्षेत्रों में लगातार प्रगति हो रही है। राज्य सरकार द्वारा लिए गए कई ऐतिहासिक निर्णय अन्य राज्यों के लिए भी प्रेरणास्रोत बन रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विकास के साथ-साथ राज्य की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि समान नागरिक संहिता, सख्त नकल-विरोधी कानून और धर्मांतरण कानून जैसे महत्वपूर्ण फैसले राज्य के हित में लिए गए हैं तथा राज्य की संस्कृति और पवित्रता से किसी को खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा।
लोकार्पित परियोजनाओं में शिप्रा नदी पर 30 मीटर स्पान का मोटर पुल, राजकीय औद्योगिक संस्थान हल्द्वानी में टेक्नोलॉजी लैब, कोटाबाग व अन्य क्षेत्रों में नलकूप निर्माण, महिला महाविद्यालय में लैब निर्माण, बेलपोखरा और बैलपडाव में सिंचाई नलकूप तथा जल जीवन मिशन के तहत 14 पेयजल योजनाएं शामिल हैं। इसके अलावा रामगढ़ पशु चिकित्सालय भवन का भी लोकार्पण किया गया।
शिलान्यास की गई योजनाओं में विभिन्न मोटर मार्गों का निर्माण और सुधारीकरण, सीवरेज कार्य, 28 एमएलडी एसटीपी निर्माण, सड़क मरम्मत, राइजिंग स्टेशन निर्माण तथा नहर कवरिंग जैसे कई महत्वपूर्ण विकास कार्य शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने विशेष योजनांतर्गत सहायता कार्यक्रम के तहत हल्द्वानी-काठगोदाम पेयजल योजना का भूमि पूजन भी किया, जिसकी लागत लगभग 15443 लाख रुपये है।
इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, विधायक मोहन सिंह बिष्ट, राम सिंह कैड़ा, सरिता आर्या सहित कई जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
