मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में सिंचाई परियोजनाओं के अंतर्गत रिवर प्रोटेक्शन कार्यों और डीसिल्टिंग की प्रगति की समीक्षा की। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मानसून सीजन में संभावित बाढ़ की आशंकाओं को ध्यान में रखते हुए सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं।
बैठक में अधिकारियों ने जानकारी दी कि लघु सिंचाई विभाग द्वारा जल संरक्षण, संवर्द्धन और संभरण योजनाओं के तहत राज्यभर में चेक डैम, रिचार्ज शॉफ्ट और तालाबों का निर्माण किया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि विभाग द्वारा अब तक राज्य में कुल 708 चेक डैम बनाए जा चुके हैं।
इसके साथ ही ऊधम सिंह नगर, नैनीताल और हरिद्वार जिलों में कुल 419 रिचार्ज शॉफ्ट की स्थापना की गई है, जिससे प्रतिवर्ष लगभग 108.94 करोड़ लीटर भूजल रिचार्ज होने की क्षमता विकसित हुई है। इन योजनाओं से जल संकट से निपटने और भूजल स्तर में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण मदद मिलने की उम्मीद है।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वन विभाग को भी निर्देश दिए कि वनाग्नि की रोकथाम के लिए अभी से पूरी तैयारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने वन संरक्षण के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने वाले कर्मियों और संस्थाओं को प्रोत्साहित करने के भी निर्देश दिए।
