पुष्कर सिंह धामी ने आज रुद्रपुर के गांधी पार्क में आयोजित भव्य ऊधमसिंह नगर कार्निवाल सरस आजीविका मेला-2026 का फीता काटकर शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कुल ₹295.21 करोड़ की लागत वाले 61 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री द्वारा ₹123.91 करोड़ की लागत से 26 कार्यों का लोकार्पण किया गया, जिसमें चिकित्सा, लोक निर्माण विभाग, नगर निगम, पशुपालन, संस्कृति, सिंचाई, खेल, शिक्षा और शहरी निकायों से जुड़े विकास कार्य शामिल रहे। इसके अलावा ₹171.30 करोड़ की लागत से 35 नए विकास कार्यों की आधारशिला भी रखी गई।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पांच महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। इनमें मानसखंड कॉरिडोर के तहत गोल्ज्यू मंदिर, शिव मंदिर और नीलकंठ धाम को जोड़ते हुए शिव प्रतिमा स्थापना, पर्यावरण मित्रों के लिए आवास निर्माण, भूरारानी और गंगापुर रोड चौड़ीकरण तथा अटारिया चौक से इंद्रा कॉलोनी तक सड़क निर्माण जैसी योजनाएं शामिल हैं। साथ ही गुरु चांद ठाकुर स्मृति सहायता कोष को ₹2 करोड़ से बढ़ाकर ₹10 करोड़ करने की घोषणा की गई।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने त्रिशूल चौक का लोकार्पण किया और शिव बारात में शामिल होकर श्रद्धालुओं का स्वागत किया। उन्होंने कांवड़ यात्रियों का सम्मान करते हुए उनके पैर पखारे और अंगवस्त्र व पुष्प माला भेंट की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ये विकास परियोजनाएं रुद्रपुर और आसपास के क्षेत्रों को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगी। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड लगातार विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार द्वारा सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। रुद्रपुर बाईपास निर्माण, फोरलेन सड़क परियोजनाएं, रेलवे स्टेशन आधुनिकीकरण, ड्रेनेज प्लान, पिंक टॉयलेट निर्माण, कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट और कूड़ा प्रबंधन प्लांट जैसी परियोजनाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि किच्छा में 351 करोड़ रुपये की लागत से एम्स ऋषिकेश का सैटेलाइट सेंटर बनाया जा रहा है और पंतनगर हवाईअड्डे को अंतरराष्ट्रीय स्तर के एयरपोर्ट के रूप में विकसित करने की योजना पर भी काम चल रहा है।
