मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने शासकीय आवास से चम्पावत के प्रसिद्ध श्री वाराही धाम देवीधुरा में मंदिर के नवनिर्माण कार्य का वर्चुअल माध्यम से शिलान्यास किया। इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि माँ वाराही का यह प्राचीन धाम सदियों से अटूट श्रद्धा और शक्ति का केंद्र रहा है और इसके नवनिर्माण का शुभारंभ होना सभी प्रदेशवासियों के लिए सौभाग्य का क्षण है। उन्होंने वाराही धाम में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक बग्वाल मेले की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए इसे वीरता और परंपरा का संगम बताया और याद दिलाया कि राज्य सरकार ने इसे पहले ही राजकीय मेला घोषित कर दिया है। मुख्यमंत्री के अनुसार, यह नवनिर्माण मंदिर को और अधिक भव्य स्वरूप प्रदान करेगा जिससे क्षेत्र में आस्था के साथ-साथ विकास और समृद्धि के नए द्वार खुलेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में विकास के साथ-साथ धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के संरक्षण का कार्य तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने देवभूमि उत्तराखंड को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी के रूप में स्थापित करने का संकल्प दोहराया और बताया कि केदारखंड के साथ-साथ मानसखंड के पौराणिक मंदिरों का भी सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। चम्पावत के विकास पर जोर देते हुए उन्होंने जानकारी दी कि क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 179 करोड़ रुपये की लागत से शारदा कॉरिडोर और लगभग 430 करोड़ रुपये की लागत से गोल्ज्यू कॉरिडोर का निर्माण कार्य गतिमान है। इस वर्चुअल कार्यक्रम के दौरान वाराही शक्ति पीठ ट्रस्ट के पदाधिकारियों समेत क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
