मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने श्री अयोध्या धाम में प्रभु श्री रामलला के नूतन विग्रह की प्राण-प्रतिष्ठा की द्वितीय वर्षगांठ के अवसर पर देशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने इस पावन अवसर को भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक चेतना से जुड़ा हुआ बताया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि श्री राम जन्मभूमि मंदिर केवल एक भव्य मंदिर नहीं है, बल्कि यह भारत की आत्मा, सांस्कृतिक गौरव और सनातन परंपरा की चेतना का उद्घोष है। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम का आदर्श जीवन समाज को सदैव सत्य, मर्यादा और करुणा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
सीएम मोहन यादव ने आगे कहा कि यह पावन अवसर पूरे देश को एक सूत्र में बांधने वाला है और प्रत्येक नागरिक के मन में राममय भाव का संचार करता है। उन्होंने कामना की कि प्रभु श्रीराम की कृपा से देश में सद्भाव, समृद्धि और सुख-शांति बनी रहे।
