सशस्त्र सेना झंडा दिवस के अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बहादुर सैनिकों के कल्याण और उनके पुनर्वास के लिए बिहार स्टेट एक्स-सर्विसमैन बेनेवोलेंट फंड में अंशदान किया। इस दौरान उन्होंने राज्यवासियों से भी अधिक से अधिक सहयोग करने की अपील की।
पटना स्थित 1, अणे मार्ग पर सैनिक कल्याण निदेशालय के निदेशक ब्रिगेडियर मृगेन्द्र कुमार ने मुख्यमंत्री को सशस्त्र सेना झंडा दिवस का फ्लैग लगाया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि देश की सेवा में समर्पित हमारे सैनिकों की कुर्बानियाँ अमर हैं। वे अपनी जान जोखिम में डालकर राष्ट्र को आंतरिक एवं बाहरी खतरों से सुरक्षित रखते हैं। इसलिए बेनेवोलेंट फंड में अधिक से अधिक अंशदान कर उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की जानी चाहिए।
कार्यक्रम में जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी, गृह विभाग के सचिव प्रणव कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह, ब्रिगेडियर मृगेन्द्र कुमार, कर्नल संतोष कुमार त्रिपाठी, कर्नल मनोज कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
