मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 11 दिसंबर को पूर्वी चंपारण के केसरिया में प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियाँ पूरी कर ली हैं। मंगलवार को डीएम, एसपी, नगर आयुक्त सहित संबंधित अधिकारियों ने केसरिया स्थित कैफेटेरिया और कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया और व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री अपने दौरे के दौरान भगवान बुद्ध से संबंधित ऑडियो–विजुअल फिल्म का अवलोकन करेंगे। इसके अलावा वे कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का निरीक्षण करेंगे और पंचायत सरकार भवन का उद्घाटन भी करेंगे। उनके आगमन को देखते हुए सुरक्षा, प्रोटोकॉल और आयोजन व्यवस्थाओं से जुड़े सभी कार्य अंतिम चरण में पहुँच चुके हैं।
स्थानीय जदयू विधायक शालिनी मिश्रा, जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल और एसपी स्वर्ण प्रभात ने भी कार्यक्रम स्थलों का गहन निरीक्षण किया। हेलीपैड से लेकर मुख्य मंच तक सभी व्यवस्थाओं की बारीकी से जाँच की गई और अधिकारियों को आवश्यक दिशा–निर्देश दिए गए।
प्रशासन का कहना है कि मुख्यमंत्री का दौरा शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और सफल बनाने के लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया गया है।
