उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को 77वें गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने अपने आवास पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया और सभी नागरिकों को संविधान के प्रति निष्ठा और राष्ट्रसेवा का संदेश दिया।
ध्वजारोहण के बाद मुख्यमंत्री धामी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, संविधान निर्माताओं और राज्य आंदोलनकारियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस हमारे संविधान के निर्माण का महापर्व है, जिसने देश को लोकतांत्रिक मूल्यों और समान अधिकारों की मजबूत नींव दी है।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करना होगा और पूरी निष्ठा के साथ कार्य करना होगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी के सहयोग और सामूहिक प्रयासों से इस संकल्प को धरातल पर उतारा जाएगा और उत्तराखंड को एक मजबूत, समृद्ध और आत्मनिर्भर राज्य के रूप में विकसित किया जाएगा।
