देशभर में आज 77वां गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर विभिन्न राज्यों और जिलों में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए और राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत आयोजन हुए। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सरकारी आवास पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया और प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।
ध्वजारोहण के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि 26 जनवरी 1950 को भारत का संविधान लागू हुआ था, जिसने देश को एक मजबूत लोकतांत्रिक आधार प्रदान किया। उन्होंने कहा कि पिछले 76 वर्षों के दौरान भारत ने अनेक उतार-चढ़ाव देखे हैं, लेकिन इसके बावजूद देश एक श्रेष्ठ, सशक्त और एकीकृत राष्ट्र के रूप में उभरकर सामने आया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पूरी यात्रा में भारतीय संविधान की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। संविधान ने न केवल देश को दिशा दी, बल्कि लोकतंत्र, समानता, न्याय और स्वतंत्रता के मूल्यों को भी मजबूत किया। उन्होंने कहा कि आज का दिन हमें संविधान के आदर्शों को आत्मसात करने और राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देने की प्रेरणा देता है।
