
भारत के प्रथम चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ और पद्म विभूषण से सम्मानित जनरल बिपिन रावत की चौथी पुण्यतिथि पर मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर के सैनिक स्कूल में जनरल बिपिन रावत ऑडिटोरियम का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने जनरल रावत की प्रतिमा का भी अनावरण किया और उनके प्रेरणादायक जीवन को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
सीएम योगी ने कहा कि सैनिक स्कूल का दायित्व है कि वह प्रत्येक वर्ष 8 दिसंबर को ‘प्रेरणा दिवस’ के रूप में मनाए, ताकि छात्र जनरल रावत जैसे वीर सैनिकों से प्रेरणा लेते रहें। उन्होंने जनरल रावत के राष्ट्रसेवा के अद्वितीय योगदान को नमन किया।
इसके साथ ही, सीएम योगी ने देशहित और कर्तव्यों की बात करते हुए भारत पर आक्रमण करने वालों का महिमामंडन करने वालों पर तीखी टिप्पणी की और कहा कि देशहित सर्वोपरि है।
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में ही राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI) का लोकार्पण किया। उन्होंने प्रदेश में विकास कार्यों के लिए सीएसआर फंड के प्रभावी उपयोग पर भी चर्चा की।
गौरतलब है कि इस ITI का निर्माण पावर ग्रिड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया के CSR फंड से 16 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। यह गोरखपुर का 11वां ITI है और पब्लिक–प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मोड में संचालित होने वाला तीसरा राजकीय ITI होगा।
