लखनऊ स्थित विधान भवन प्रांगण में चौधरी चरण सिंह की जयंती के अवसर पर ‘किसान सम्मान दिवस’ के तहत आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिरकत की। इस कार्यक्रम में प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही और कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कृषक उपहार योजना के अंतर्गत 25 चयनित किसानों को ट्रैक्टर की चाबियां सौंपीं। इस अवसर पर किसानों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार द्वारा किसानों के हित में किए गए निरंतर प्रयासों का ही सकारात्मक परिणाम है कि आज खेती की लागत में कमी आई है, उत्पादन बढ़ा है और किसानों की आय में वृद्धि हुई है।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि कम लागत और अधिक उत्पादन ही मुनाफे का मजबूत आधार है और यही किसानों की समृद्धि का वास्तविक रास्ता है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर किसानों को आधुनिक कृषि उपकरण, तकनीकी सहायता और बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही हैं।
सीएम योगी ने चौधरी चरण सिंह को किसानों का सच्चा हितैषी बताते हुए कहा कि उनकी नीतियों और विचारों से प्रेरणा लेकर प्रदेश सरकार किसानों के कल्याण के लिए योजनाएं लागू कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में भी सरकार किसानों के जीवन स्तर को सुधारने के लिए हर संभव कदम उठाती रहेगी।
