उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और पद्म विभूषण से सम्मानित कल्याण सिंह ‘बाबूजी’ की जयंती के अवसर पर लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कल्याण सिंह की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को स्मरण किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ‘बाबूजी’ की जयंती का यह पावन अवसर हम सभी के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि आज इस पवित्र अवसर पर एकत्र होकर हम सभी उनके योगदान को याद कर रहे हैं और उत्तर प्रदेश सरकार व प्रदेशवासियों की ओर से उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कल्याण सिंह न केवल उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे, बल्कि उन्होंने राजस्थान के राज्यपाल के रूप में भी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ किया। योगी आदित्यनाथ ने ‘बाबूजी’ को परम रामभक्त बताते हुए कहा कि उनका पूरा जीवन भारतीय संस्कृति, राष्ट्रवाद और जनसेवा के मूल्यों से ओत-प्रोत रहा।
योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ के माध्यम से भी श्रद्धांजलि व्यक्त की। उन्होंने लिखा कि राजस्थान के पूर्व राज्यपाल, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, परम रामभक्त और पद्म विभूषण से सम्मानित श्रद्धेय कल्याण सिंह ‘बाबूजी’ की जयंती पर आज लखनऊ में उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि श्रद्धेय ‘बाबूजी’ का कार्यकाल सुशासन, विकास और राष्ट्रवादी मिशन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए सदैव स्मरण किया जाएगा। उन्होंने अपने नाम को उत्तर प्रदेश के ‘कल्याण’ से जोड़कर निरंतर सार्थक किया। योगी आदित्यनाथ ने अंत में उनकी पावन स्मृतियों को नमन किया।
