उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय बजट 2026-27 की सराहना करते हुए कहा कि यह बजट देश के 145 करोड़ नागरिकों की आकांक्षाओं और उम्मीदों को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह बजट विकसित भारत के विजन को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बजट में अवसंरचना विकास को प्राथमिकता देते हुए पूंजीगत व्यय के लिए 12 लाख करोड़ रुपये से अधिक का प्रावधान किया गया है। उन्होंने बताया कि इस बजट में सात नए रेल कॉरिडोर के विकास का प्रावधान भी शामिल है, जिससे देश में परिवहन व्यवस्था और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय बजट में आयुष और स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र पर विशेष जोर दिया गया है। इससे देश में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार होगा और आम लोगों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
सीएम योगी ने कहा कि इस बजट में आम नागरिकों और महिलाओं को केंद्र में रखते हुए कई महत्वपूर्ण सुधार और योजनाएं शामिल की गई हैं। इन योजनाओं के माध्यम से आम लोगों का जीवन अधिक सरल और सुविधाजनक बनेगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बजट को दूरदर्शी और जनहितकारी बताते हुए बजट के दिशा-निर्देश तय करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह बजट देश को आत्मनिर्भर और मजबूत अर्थव्यवस्था की दिशा में आगे बढ़ाने में सहायक साबित होगा।
