उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर की धरती से अपराधियों को कड़ा संदेश देते हुए स्पष्ट किया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों का अंजाम तय है। मंगलवार को वह गोरखपुर महोत्सव के औपचारिक समापन समारोह में शामिल हुए, जहां उन्होंने अपराध, विकास और युवा भविष्य को लेकर महत्वपूर्ण बयान दिए।
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खेल, कला, चिकित्सा, विज्ञान और कृषि के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों को ‘गोरखपुर रत्न’ सम्मान से सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि गोरखपुर महोत्सव अब केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं रह गया है, बल्कि यह पूर्वांचल की पहचान, लोक परंपराओं, आत्मनिर्भरता और विकास का सशक्त प्रतीक बन चुका है।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में युवाओं को शॉर्टकट के रास्ते से बचने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि शॉर्टकट का रास्ता अक्सर विनाश की ओर ले जाता है, जबकि परिश्रम, अनुशासन और धैर्य ही स्थायी सफलता का आधार हैं। उन्होंने युवाओं से लक्ष्य के प्रति ईमानदारी और निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया।
सीएम योगी ने अभिभावकों से भी अपील की कि वे बच्चों को अनावश्यक रूप से स्मार्टफोन न दें। उन्होंने कहा कि स्मार्टफोन का दुरुपयोग युवाओं को गलत दिशा में ले जा सकता है और उनके भविष्य पर नकारात्मक असर डाल सकता है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विश्वास जताया कि गोरखपुर विकास, सुरक्षा, संस्कृति और आत्मनिर्भरता का ऐसा मॉडल बनेगा, जो न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत साबित होगा।
